त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में शनिवार को थाना गंगाघाट के सिकंदरपुर सरोसी ब्लाक के अंतर्गत आने वाली ग्राम सभाओं में शांति के साथ चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें नगर के महिलाओ, पुरुषों और युवतियों ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। नगर में 69 फीसदी मतदान हुआ।
शनिवार सुबह से कई मतदान केंद्रों के बूथों पर वोट देने वाले ग्रामीणों की संख्या अधिक रही। दोपहर 12 बजे तक कई मतदान केंद्रों पर 50 प्रतिशत से अधिक की वोटिंग हो चुकी थी। शाम ढलते-ढलते मतदान का प्रतिशत कम होता गया। जोनल मजिस्ट्रेट गंगाघाट हरिश्चन्द्र मिश्रा ने बताया कि नगर के कई बूथों पर दोपहर 12 बजे तक 50 से 57 फीसदी तक मतदान हो चुका था।
ग्राम सभा मुस्तफापुर में 75 फीसदी मतदान एक बजे तक हो चुका था। वहीं पंचायत चुनाव में आज महिलाएं और युवतियां पुरुषों की अपेक्षा आगे रही।
दोपहर 12 बजे तक आजाद नगर ग्राम सभा में 45 फीसदी, गगनीखेड़ा खैराहा एहतमाली में 40 फीसदी, सरैया में 35 फीसदी, देवारा कलां में 50 फीसदी, ग्राम सभा पिंडोखा में 52 फीसदी, शंकरपुर में 55 फीसदी, मुस्तफापुर में 57 फीसदी, हाजीपुर में 50, अगेहरा में 52 सहित अन्य ग्राम सभाओं में दोपहर 12 से एक के बीच आधी से अधिक वोटिंग रही।
थाना गंगाघाट परिक्षेत्र अंतर्गत ढाई दर्जन से अधिक ग्राम सभाएं हैं, जहां जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। शाम को मतदान केन्द्रों से मतगणना स्थल उन्नाव पहुंचा दिया गया।