उन्नाव। कचहरी पुल पर सचिवालय का पास लगी कार की टक्कर से बाइक सवार की पुल के नीचे गिरने से मौत के मामले में गाड़ी नंबर और अज्ञात चालक पर रिपोर्ट दर्ज की है। घाटमपुर की विधायक ने शुक्रवार को अपनी कार से हादसा होने की बात स्वीकार करते हुए घटना पर अफसोस भी जताया था। इसके बाद भी पुलिस चालक को नहीं ढूंढ पाई।
सदर कोतवाली के मोहल्ला मौहारीबाग निवासी निखिल गुप्ता (28) अपने दोस्त शाहगंज निवासी रोहित तनेजा (28) के साथ 30 जुलाई को छोटा चौराहा स्थित अपनी फर्नीचर की दुकान से रात 11:30 बजे घर लौट रहे थे। कचहरी पुल पर विधानसभा सचिवालय का स्टीकर लगी तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार निखिल की 25 फीट नीचे गिरने से मौत हो गई थी।
साथी रोहित का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुक्रवार को कानपुर के घाटमपुर विधानसभा की विधायक सरोज कुरील का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था।जिसमें उन्होंने कार अपनी होना और चालक को अपनी मां की दवा लेने के लिए भेजने की बात कही थी।
मृतक के पिता विपिन ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। खास बात यह है कि कार, घाटमपुर विधायक के नाम पंजीकृत होने और विधायक की ओर से इसकी पुष्टि किए जाने के बाद भी चालक का पता नहीं लगा पाई।
सीओ सिटी सोनम सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में जो बातें सामने आएंगी उस आधार पर चालक का नाम, पता की जानकारी कर उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।