फोटो नंबर 19- प्रमोद (फाइल फोटो) स्रोत:परिजन
नवाबगंज (उन्नाव)। तीन दिन पहले लापता हुए युवक का शव घर से पांच सौ मीटर दूर शनिवार शाम बेगमखेड़ा गांव के पास नाले में उतराता मिला। शराब का लती होने से डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
सोहरामऊ थाना के बाबाखेड़ा गांव निवासी प्रमोद (28) नशे का लती था। गुरुवार को घर से बिना बताए चला गया था। उसके बाद घर न लौटने पर परिजन तलाश कर रहे थे। पता न चलने पर शनिवार शाम को चचेरे भाई सुनील की तहरीर पर पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर उसे खोज रही थी। शनिवार शाम बेगमखेड़ा गांव के लोग मवेशी चरा रहे थे, तभी नाले में शव उतराता देखा।
पुलिस ने जांच की और शव पानी से बाहर निकलवाया तो उसकी पहचान प्रमोद के रूप में हुई। राम रामजानकी के मुताबिक बेटे की आठ साल पहले शादी हुई थी। शराब की लत होने से पत्नी ने तलाक ले लिया था। इकलौते बेटे की मौत से मां बेहाल है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बेगमखेड़ा गांव में एक युवक अवैध रूप से शराब की बिक्री करता है। अक्सर लोग उसी के पास जाते हैं। थानाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने बताया कि युवक शराब का लती था, परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।