उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर त्रिभुवनखेड़ा गांव के सामने पुलिया में किनारे की तरफ हुए गड्ढे की चपेट में आकर 30 फीट नीचे गिरी युवती की हालत गंभीर है। उसके सिर में गहरी चोट आई है और बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। पैरों में भी चोटें हैं। वहीं घटना के दूसरे दिन एनएचएआई ने टूटे हिस्से की मरम्मत कराई।
गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के त्रिभुवनखेड़ा गांव निवासी नेहा (18) पुत्री सरोज, शनिवार शाम को चाची मानसी के साथ टहलने निकली थी। चाची आगे चल रही थीं जबकि नेहा पीछे थी। इसी दौरान नेहा, पुलिया में हुए करीब दो फीट लंबे और डेढ़ फीट गहरे गड्ढे में पैर पड़ने से पुलिया से नीचे गिर गई। नेहा के साथ न आने पर चाची ने पीछे देखा तो नेहा नहीं थी। तलाश की तो पुलिया के नीचे से कराहने की आवाज सुनाई दी, तब घटना का पता चला।
चाची मानसी ने बताया कि लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला और पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। डॉक्टर के मुताबिक, नेहा के बाएं हाथ में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट आईं है। उसके दोनों पैरों में भी चोटें हैं। जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास सचान ने बताया कि युवती का इलाज चल रहा है।
उधर, घटना के दूसरे दिन एनएचएआई ने पुलिया में हुए गड्ढे की मरम्मत कराई। जेई अभय कुमार ने बताया कि पुलिया की मरम्मत करा दी गई है। कैसी टूटी और निरीक्षण करने वाली टीम ने क्यों अनदेखा किया, इसकी जांच कराई जाएगी।