नवाबगंज। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के गांव प्यामखेड़ा निवासी महिला का शव गुरुवार सुबह उसके कमरे में छत के कुंड़े से लटका मिला। मृतका के देवर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के अनुसार महिला आगरा से पुलिस की परीक्षा देकर बुधवार रात घर लौटी थी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव प्यामखेड़ा निवासी रामबाबू दुबई में रहकर नौकरी करता है। देवर अजय के अनुसार उसकी भाभी सुषमा रावत (28) ने पुलिस भर्ती के लिए आवेदन किया था। बुधवार रात वह आगरा से परीक्षा देकर अकेले घर लौटी और अपने कमरे में चली गई। गुरुवार सुबह वह अधिक देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली, जिस पर उसका 16 वर्षीय देवर अजय देखने पहुंचा। कमरे में दुपट्टे से छत के कुंडे से भाभी सुषमा का शव लटका देख वह कांप गया। उसका शोर सुन पहुंचे अन्य परिजनों में कोहराम मच गया।
देवर की सूचना पर पहुंचे थाना के निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि दुबई में रह रहे रामबाबू का 10 वर्ष पहले सुषमा से विवाह हुआ था। उधर सूचना पर अचलगंज थाना क्षेत्र के बाबूखेड़ा गांव निवासी मृतका के मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। बेटी की मौत पर मायके पक्ष के लोग उसके 8 साल के बेटे को गोद में लेकर फफक पड़े। मोहल्ले में पुलिस का पेपर खराब होने पर सुषमा के फंदे से लटकने की चर्चा रही। परिजनों ने पति को भी सूचना दे दी है। हालांकि परिजन उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं कर सके। निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।