फतेहपुर चौरासी। जखेता गांव में घर से शनिवार शाम मंदिर जाने की बात कहकर निकला युवक सड़क किनारे घायल हालत में बेहोश मिला। सूचना पाकर परिजन उसे सफीपुर सीएचसी ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में सिर में दाहिनी ओर लगी चोट से मौत की पुष्टि हुई है। सीने और पैर घुटने में भी गहरी चोट है। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के अनुसार चोटें सड़क दुर्घटना की हो सकती हैं।
फतेहपुर चौरासी थाना के जखेता गांव निवासी सुघर राजपूत (45) परिवार सहित चंडीगढ़ में माली का काम करता था। भतीजे गौरव ने बताया कि 12 फरवरी को चाचा चंडीगढ़ से पहले ससुराल वजीरगंज गए और 14 फरवरी की शाम घर आए थे। शनिवार शाम करीब पांच बजे गांव के मंदिर में जाने के लिए निकले थे लेकिन फिर नहीं लौटे। रात 12 बजे पता चला कि चाचा जगेथा-उसिया मार्ग पर नेकराम के घर के सामने सड़क किनारे झाड़ियों में बेहोश पड़े हैं। एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पति की मौत से पत्नी शिवकली, बेटा रंजीत, रोहित और बेटी लक्ष्मी बेहाल हैं। ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम में एक्सीडेंट की चोटें मिली हैं।