सोनिक। पति की मौत के बाद अंतरजातीय युवक से प्रेम-विवाह करने वाली महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। पहले पति के बच्चों को इसका पता लगने पर बड़े बेटे ने सौतेले पिता के खिलाफ मां की हत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि के साथ चेहरे पर दाहिनी ओर चोट का निशान मिले हैं।
दही थानाक्षेत्र के झंझरी गांव निवासी राकेश यादव ने बताया कि उसने मीना (48) से प्रेम विवाह किया था। शनिवार को जब वह गैस प्लांट से नौकरी करके रात में घर पहुंचा तो पत्नी का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। मीना की मौत की सूचना पर पहुंचे अजगैन के मरोचा गांव निवासी भाई शेरा ने पुलिस को बताया कि मीना की शादी दही थानाक्षेत्र के बाबूखेड़ा निवासी नन्हके से हुई थी। उससे तीन बच्चे सूरज, सुभाष और सुभाषिनी हैं।
वर्ष 2013 में नन्हके की बीमारी से मौत हो गई थी। 10 साल पहले मीना ने परिजन के विरोध के बाद भी बच्चों को मायके में छोड़कर राकेश यादव से प्रेम विवाह कर लिया था। तीनों बच्चे दादी-बाबा के साथ रहते हैं।
भाई ने आरोप लगाया कि राकेश नशे की हालत में बहन को पीटता भी था। बेटे सूरज ने भी सौतेले पिता राकेश पर मां से मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। दही थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पर कार्रवाई की जाएगी।