राप्ती सागर एक्सप्रेस से एमपी के इटारसी स्टेशन से आतंकी के फरार होने की खबर पर उन्नाव में अलर्ट हो गया। जीआरपी हरकत में आई और स्टेशन पर सघन चेकिंग की।
पुलिस को जानकारी मिली कि राप्ती सागर एक्सप्रेस स्टेशन पहुंचने वाली है तो पूरा स्टाफ प्लेटफार्म पर मुस्तैद हो गया। ट्रेन के रुकते ही स्टाफ ने पूरी ट्रेन की सघन तलाशी ली। ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति व सामान न मिलने पर ही ट्रेन को रवाना किया गया।
मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर राप्ती सागर एक्सप्रेस से आतंकी सैयद अहमद के पुलिस गिरफ्त से भाग जाने पर उन्नाव स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई।
जीआरपी एसओ अनिल कुमार मिश्र ने टीम के साथ स्टेशन का चप्पा-चप्पा खंगाला। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के मिलने पर उसे हिरासत में लेने के आदेश मातहतों को दिए।
इसके बाद लखनऊ से राप्ती सागर एक्सप्रेस के स्टेशन आने पर जीआरपी स्टाफ ने ट्रेन के हर कोच में संदिग्ध व्यक्ति व सामान की जांच की। ट्रेन को पूरी तरह से सुरक्षित पाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
.
सीओ ने उन्नाव पहुंच देखी सुरक्षा व्यवस्था- उन्नाव। क्षेत्राधिकारी जीआरपी हृदयेश कठेरिया ने राप्ती सागर वाली घटना व आने वाले गणतंत्र दिवस के पर्व पर सुरक्षा को देखते हुए गुरुवार को उन्नाव पहुंचकर निरीक्षण किया। सीओ ने थाने की साफ-सफाई, शस्त्रागार, अभिलेख व अन्य चीजों को बारीकी से देखा।
थाने में मौजूद शस्त्रों के दुरुस्त न मिलने पर उन्होंने स्टाफ को फटकार लगाते हुए गणतंत्र दिवस के मद्देनजर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। सीओ ने बताया कि वह अर्धवार्षिक निरीक्षण के अंतर्गत गुरुवार को उन्नाव आए थे। अभी तक तो सभी कुछ ठीकठाक मिला है। बताया कि गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा को देखते हुए स्टाफ को अलर्ट रहने को कहा है।