मृतक टेंपो चालक तेज शंकर उर्फ छोटू तिवारी का फाइल फोटो।
- फोटो : UNNAO
अचलगंज(उन्नाव)। उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर तेज रफ्तार रोडवेज बस से टेंपो में टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई, जबकि उसके गांव का युवक घायल हो गया। हादसे के बाद अचलगंज पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। टेंपो चालक गांव के युवक के साथ गेहूं की बोरिया लादकर गांव से शहर की ओर जा रहा था।
अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा गांव निवासी तेज शंकर उर्फ छोटू तिवारी (48) टेंपो चलाकर परिवार का गुजारा चलाता है। शनिवार सुबह वह गांव निवासी विनोद कुशवाहा की गेहूं की बोरियां लादकर उसके साथ शहर की ओर आ रहा था। 8 बजे करीब अचलगंज थाना क्षेत्र के बाबाखेड़ा व कोरारी मोड़ के बीच उन्नाव से रायबरेली की ओर जा रही रोडवेज बस की टेंपो से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो सवार चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि टेंपो में बैठा गांव निवासी विनोद घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और टेंपो चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचलगंज पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया है। टेंपो चालक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।