फतेहपुर चौरासी। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर शनिवार सुबह तकिया चौराहे पर सवारी बैठा रहे टेंपो चालक की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। चौराहे पर परिजन के हंगामा करने से जाम के हालात बन गए। सूचना पर एसडीएम और तीन थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा और जल्द ट्रक को कब्जे में लेने के साथ ही चालक की गिरफ्तारी की बात कही तब परिजन शांत हुए। इस दौरान आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
थानाक्षेत्र के गांव सराय निवासी मुजीब (40) नौ बजे तकिया चौराहे पर टेंपो में सवारी बैठा रहा था। इसी दाैरान लखनऊ से बांगरमऊ की ओर जा रहे ट्रक ने टेंपो चालक को टक्कर मार दी। हादसे में मुजीब ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गया और कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। सूचना मिलने पर परिजन चाैराहे पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इस दाैरान लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर जाम के हालात बन गए।
घटनास्थल पर एसडीएम सफीपुर शिवेंद्र वर्मा, बांगरमऊ, बेहटामुजावर और सफीपुर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा। एसडीएम ने परिजन से बात की और सरकारी सुविधाएं दिलवाने के साथ ही जल्द ही चालक की गिरफ्तारी करने की बात कही। तब परिजन शांत हुए। मुजीब टेंपो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। तीन बच्चों में दो बेटे और एक बेटी है। पति की मौत से पत्नी जन्नतुन और अन्य परिजन बेहाल हैं। एसओ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि भाई नसीम की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
फोटो- 4-मुजीब (फाइल फोटो)।