उन्नाव। डीएसएन डिग्री कॉलेज के शिक्षकों का समर्थ एप पर भरा गया डाटा अस्वीकार किए जाने का मामला बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को शिक्षकों ने डीएम के न मिलने पर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट आनंद कुमार नायक को सौंपा। ज्ञापन में उच्च स्तरीय समिति गठित कर जांच कराने की मांग की गई है।
शिक्षकों ने राज्यपाल को पत्र भेजकर शिकायत की है कि कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य प्रदीप गुप्ता ने 31 मई बीतने के बाद जानबूझकर समर्थ एप पर 30 शिक्षकों का डाटा बिना कारण बताए अस्वीकार कर दिया। शिक्षकों ने मांग की है कि समर्थ पोर्टल पर डेटा अस्वीकार करने का आधार, परिस्थिति और तथ्यों की जांच कराई जाए। शासन हर माह शिक्षकों को वेतन उन्हीं प्रमाण पत्रों के आधार पर देता है। ऐसी परिस्थिति में क्या सभी शिक्षक अविधिक वेतन भुगतान प्राप्त कर रहे हैं। प्राचार्य की इस हरकत से शिक्षकों को दिक्कतें आ रही हैं।
इस प्रकरण में उत्तरदायित्व निर्धारित कर कार्यवाहक प्राचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाए। भविष्य में इस प्रकार की स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या संरचनात्मक परिवर्तन किए जाएं, ताकि समय पर डाटा अपलोड हो और शिक्षकों को परेशानी न हो। ज्ञापन देने वालों में शिक्षक डॉ. विपिन सिंह, डॉ. रचना त्रिवेदी, डॉ. विनय कुमार सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
चिकित्सकीय अवकाश पर गए कार्यवाहक प्राचार्यशिक्षकों के बढ़ते दबाव को देखते हुए कार्यवाहक प्राचार्य प्रदीप गुप्ता एक सप्ताह के चिकित्सीय अवकाश पर चले गए हैं। शिक्षकों का कहना है कि अब हमारी बात कॉलेज स्तर पर तो कोई सुनने वाला ही नहीं है। अगर वह सही थे तो छुट्टी पर क्यों चले गए।