उन्नाव। सपा सरकार ने लैपटॉप योजना के तहत प्रदेश के मेधावियों को लाभान्वित कर गांव में रहने वाले छात्र-छात्राओं व आईएएस के बच्चों के बीच का फर्क मिटा दिया है। गांव का छात्र भी एक क्लिक से दुनिया भर की जानकारियां प्राप्त कर सकता है। ये बातें उप्र बीज विकास निगम के अध्यक्ष उज्ज्वल रमण सिंह ने कहीं। वह गुरुवार को शहर के पूरन नगर स्थित एसवीएम इंटर कालेज में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे।
गुरुवार को एनबीजीईआई की ओर से संचालित एसवीएम इंटर कालेज व एवीएम इंटर कालेज में 90 प्रतिशत से ऊपर अंक प्राप्त करने वाले मेधावियों में इंटर के प्रबल प्रताप सिंह, प्रद्युमभन, विशाल सिंह, अजीत गौतम, कौस्तुभ त्रिपाठी, नक्षत्र गुप्ता व हाई स्कूल के सचिन बाजपेई, चंद्रमौलि, सत्यराम गौड़, आयुष्य बाजपेई, दीपांशु कुमार, अभिषेक सिंह, गौरव भारती सहित 625 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
बीज विकास निगम के अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश की सरकार अब फिर से कन्या विद्याधन की शुरूआत करने जा रही है। इसके लिए सरकार की ओर से धन भी जारी कर दिया गया है। विशिष्ट अतिथि भगवंतनगर विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने कहा कि अब शिक्षा के बिना कोई भी कार्य संभव नहीं है। आने वाले समय में व्यवसायी, अधिकारी, राजनीति और खेती करने वाले किसान को भी शिक्षा की आवश्यकता पड़ेगी।
इससे पहले जिले की पहली डिजिटल सुविधाओं से युक्त कंप्यूटर लैब का उद्घाटन भी किया गया। वहीं विद्यालय प्रांगण में पौधरोपण का भी कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान डीआईओएस देवकी सिंह, एनबीजीईआई के अध्यक्ष नरेंद्र भदौरिया, विद्यालय प्रबंधक वेणुरंजन भदौरिया, शिवांक रमन भदौरिया, एसवीएम के प्रधानाचार्य रामवीर सिंह, एवीएम की प्रधानाचार्या अंजना भदौरिया, अर्चना भदौरिया, ब्रज भदौरिया, वृजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।