पाटन। हिंदू मुस्लिम एकता के प्रतीक सहस्त्रलिंगेश्वर महादेव मंदिर व बाबा मोहब्बत शाह के परंपरागत तकिया मेले का शुभारंभ गुरुवार से हुआ। इस दौरान मेला शिविर में कव्वाली का आयोजन हुआ। मेले में सजी दुकानों में लोगों ने खानपान और गृह उपयोगी सामान की खरीदारी की।
भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला, डीएम गौरांग राठी और एसपी दीपक भूकर ने गुरुवार शाम बाबा मोहब्बत शाह की दरगाह पर चादरपोशी करके सहस्रलिंगेश्वर महादेव मंदिर में दुग्धाभिषेक के साथ विधिविधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर और दरगाह में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस मौके पर सरकारी मेला शिविर में जवाबी कव्वाली का आयोजन किया गया। इसमें लखनऊ के निसार कव्वाल और मिनकापुर के माजिद हस्सानी कव्वाल ने नातिया कलाम पेश किए।
शिविर में सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, उद्यान एवं खाद्य संस्करण, पशुपालन, महिला कल्याण, बाल विकास परियोजना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्य घर व शिक्षा विभाग ने स्टाॅल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। ग्राम प्रधान पाटन कुलदीप चौधरी ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए छह सीसीटीवी व एलसीडी लगवाईं। मेले के दौरान एसडीएम रणवीर सिंह, तहसीलदार अरसला नाज, नायब तहसीलदार अशोक कुमार शुक्ला, आशीष बाबा आदि मौजूद रहे।