परियर। बिठूर-परियर मार्ग पर कंटेनर की टक्कर से सड़क पर गिरी स्कूटी सवार महिला के सिर से पहिया निकल गया। इससे मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा बेटा बाल-बाल बच गया। पीआरवी सिपाही ने चालक और कंटेनर को पकड़ लिया है।
कानपुर देहात जिले के थाना मंगलपुर के किसौरा गांव निवासी सुमित्रा देवी (65) पत्नी मुरली प्रसाद गुरुवार शाम बेटे अखिलेश के साथ स्कूटी से लखनऊ जा रही थीं। परियर-बिठूर मार्ग पर कल्याणी नदी के पास पीछे से कंटेनर ने स्कूटी में टक्कर मारी। टक्कर लगने से सुमित्रा सड़क पर गिर गईं, तभी कंटेनर का पहिया सिर पर चढ़ने से मौत हो गई। स्कूटी चला रहे बेटे को मामूली चोटें आईं।
अखिलेश ने बताया कि वह गोमतीनगर में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। 13 दिसंबर को उसकी शादी थी, सभी कार्यक्रम होने के बाद वह गुरुवार शाम को मां को साथ लेकर लखनऊ जा रहा था। दूसरी बाइक में उसकी पत्नी निशा, भांजे बीरू के साथ थी। पीआरवी सिपाही रिंकू सिंह ने बताया कि चालक को कंटेनर सहित पकड़ा गया है। कोतवाल श्याम नारायण सिंह ने बताया कि बेटे की तहरीर पर चालक को हिरासत में लिया गया है।