उन्नाव। किशोर उत्पीड़न के मामले में महिला के खिलाफ तहरीर देने के लिए दूसरे दिन भी कोई थाने नहीं पहुंचा। इस मामले में बाल कल्याण समिति की न्याय पीठ की अध्यक्ष का पत्र थाने पहुंचने के बाद पुलिस को अब वादी नहीं मिल रहा है।
बिहार थाना व कस्बा निवासी 35 वर्षीय महिला का इंस्ट्राग्राम के माध्यम से क्षेत्र के ही एक गांव निवासी 17 साल के किशोर से प्रेम प्रसंग हो गया था। महिला किशोर के घर रहने पहुंच गई थी। इस मामले में नौ दिसंबर को पुलिस की ओर से थाने में आपसी बात के बाद महिला को उसके पिता के साथ घर भेजा गया था। लेकिन महिला और किशोर एक साथ रहने की जिद पर अड़े हैं। मामला बाल कल्याण समिति न्यायपीठ की अध्यक्ष तक पहुंचा तो उन्होंने इसे किशोर के उत्पीड़न का मामला बताते हुए रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस को पत्र भेजा था, पुलिस को दो दिन बाद भी तहरीर देने वाला कोई नहीं मिला। थानाध्यक्ष सुरेशचंद्र मिश्र ने बताया कि पत्र पहुंचने के बाद तहरीर देने के लिए परिजनों से कहा गया है लेकिन अब तक कोई थाने नहीं आया है।