शहर के आवास विकास स्थित वृंदावन गार्डेन पार्क आयोजित हुरंगा कार्यक्रम में भजन प्रस्तुत करते दूर
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। हुरंगा कार्यक्रम में लोग मस्ती में झूमे और फूलों की होली खेली। राधा कृष्ण के भाव नृत्य और भजन संध्या का आनंद लिया।
फाल्गुन महोत्सव ट्रस्ट ने आवास विकास कालोनी स्थित वृंदावन गार्डेन में हुरंगा व भजन संध्या आयोजित की। 14वां वार्षिक कार्यक्रम गुरुवार देर शाम शुरू हुआ। कलाकारों ने राधा-कृष्ण नृत्य, फूलों की होली और रास लीला की नृत्य नाटिकाओं का मंचन किया।
शिव पार्वती भस्म आरती और शिव तांडव का भाव नृत्य सभी ने खूब सराहा। भजन व संगीत संध्या में गायक किशोर चतुर्वेदी और गायिका स्वाती ने समा बांध दिया। किशोर ने श्याम तेरी बंशी पुकारे राधा श्याम, जग में सुंदर हैं दो नाम, चाहे कृष्ण कहो या राम भजन सुनाएं।
स्वाती ने एक राधा, एक मीरा दोनों ने श्याम को चाहा भजन सुनाया। अजीत पाल सिंह, रामतनेजा, राकेश सिंह, सतीश राजपाल, जीएस भदौरिया, निम्मी अरोड़ा, सुधा अवस्थी, गीता मिश्रा, प्रीती सिंह, मनीष सिंह सेंगर, अशोक रस्तोगी, सत्यार्थ सोनी मौजूद रहे।