सफीपुर। क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद में बैट मारने से हुई छात्र की मौत में मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नाबालिग के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पोस्टमार्टम के बाद छात्र का शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया।
साल्हेनगर करौंदी निवासी कक्षा 10 के छात्र अमित (16) पुत्र डगरू बुधवार को गांव के 14 वर्षीय गोलू पुत्र रमेश व अन्य साथियों के साथ क्रिकेट मैच खेलने के लिए गांव के बाहर बजोखन तालाब के पास मैदान में पहुंचा था। बैटिंग के दौरान गोलू आउट हो गया। अमित ने दूसरे को बैंटिग देने के लिए कहा। गोलू ने आउट न होने और बैटिंग करने की बात कही। इसी बात को लेकर अमित व गोलू का विवाद हो गया। अमित ने गोलू को थप्पड़ जड़ दिया। गुस्से में गोलू ने अमित के सिर पर बैट से हमला कर दिया। गंभीर हालत में अमित को सीएचसी ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। देर शाम तक दोनों पक्षों में सुलह-समझौते की बात चलती रही। बात न बनने पर डगरू ने गोलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस गोलू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।