दंपती अमित व गीता (फाइल फोटो)
- फोटो : दंपती अमित व गीता (फाइल फोटो)
अचलगंज (उन्नाव)। अवैध संबंध के शक में युवक ने पत्नी और दो मासूम बेटियों की सोते समय तकिया से मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसी कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी। सोमवार सुबह घटना की जानकारी पर एसपी, एएसपी ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। महिला और उसकी दोनों बेटियों के शव एक ही चारपाई पर मिले। युवक का शव पास में छत के कुंडे से लटक रहा था। मोबाइल की जांच में पुलिस को साले को भेजा गया मैसेज मिला। इसमें लिखा था कि कोई गलती हो तो माफ करना।
अचलगंज थाना क्षेत्र के साहबखेड़ा गांव निवासी अमित यादव (35) किसानी के साथ एक ट्रैक्टर एजेंसी में काम करता था। उसे शक था कि पत्नी गीता (30) के गांव के ही युवक से नजदीकी संबंध हैं। इसे लेकर दो मई को उसने पत्नी को पीटा भी था। गीता नाराज होकर बेटी निधि (6) और खुशी (10) को लेकर रायबरेली के थाना गुरुबक्शगंज के गांव परसन्नापुरवा स्थित मायके चली गई थी। रविवार देर शाम अमित, पत्नी और बेटियों को लेकर घर लौटा था। अमित के छोटे भाई संदीप के मुताबिक, रामबक्शखेड़ा निवासी फुफेरे भाई की रविवार को ही रायबरेली के डलमऊ बरात गई थी। परिवार के ज्यादातर लोग बरात में गए थे। हालांकि अमित ने थके होने की बात कहकर बरात में जाने से मना कर दिया था।
सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोस के टिकरी गांव निवासी गल्ला व्यापारी कुछ लोगों का गेहूं खरीदने पहुंचा था। वह अमित के घर के बाहर पेड़ की छाया में खड़ा हो गया। इसी दौरान घर के रोशनदान पर पड़ा लाल गमछा और बाल दिखे। उसने आसपास मौजूद लोगों से चर्चा की, तो दरवाजा खटखटाया गया लेकिन न दरवाजा खुला और न कोई जवाब मिला। इसी दौरान बरात से लौटे छोटे भाई अजीत को जानकारी हुई तो वह पड़ोसी की छत से भाई के घर में पहुंचा। कमरे का नजारा देख वह चीख पड़ा। अमित का शव फंदे से लटक रहा था, जबकि भाभी गीता चारपाई पर मृत पड़ीं थीं। गीता के एक तरफ बड़ी बेटी और दूसरी ओर छोटी बेटी भी मृत मिली। एक बड़ा तकिया गीता के पेट पर रखा मिला। चारों मृतकों के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं थे।
सूचना पर एसपी दीपक भूकर, एएसपी अखिलेश सिंह, सीओ ऋषिकांत शुक्ला पहुंचे और फोरेंसिक टीम से जांच कराई। मृतक के पिता उमेश चंद्र यादव ने गांव में ही चल रहे विवाद में हत्या का आरोप लगाया। हालांकि मृतकाें के मोबाइल की जांच में हकीकत सामने आ गई। थानाध्यक्ष राजेश पाठक ने बताया कि मोबाइल की जांच में सामने आया है कि अवैध संबंध के शक में घटना हुई है। मृतक अमित ने घटना से पहले साले के मोबाइल पर मैसेज भी किया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।