रविवार दोपहर बाद निकली धूप बच्चों के साथ पार्क में आनंद लेते लोग।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। कई दिन बाद रविवार दोपहर धूप निकली जिससे लोगों को फौरी तौर पर उस समय राहत मिल गई। छुट्टी का दिन होने के कारण लोग धूप का आनंद लेने छत व पार्कों में पहुंच गए। हालांकि जैसे ही शाम को सूर्यास्त हुआ वैसे ही फिर से गलन में इजाफा हो गया। जिससे लोगों को ठंड बढ़ने का अहसास हुआ।
पिछले कई दिनों से बारिश के कारण धूप नहीं निकली थी। शनिवार को भी पूरे सूर्यदेव बादलों की ओट में रहे थे। जिस कारण लोगों को ठंड बढ़ने का अहसास हुआ था। हालांकि रविवार सुबह कोहरा तो नहीं था लेकिन आसमान में बादल छाए हुए थे। दोपहर 12 बजे के बाद चली हवाओं से बादल छंटे और सूर्यदेव बाहर निकले। धूप निकलने से लोगों के चेहरे खिल उठे। निराला पार्क में धूप का आनंद लेने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंच गए। बच्चों ने खूब धमाचौकड़ी की। शाम 5 बजे के बाद जैसे ही सूर्यदेव अस्त हुए वैसे ही फिर से ठंड बढ़ गई। लोग घरों में ब्लोअर व अलाव के आसपास ही बैठे रहे। रविवार को अधिकतम तापमान 17.6 और न्यूनतम पारा 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।