हसनगंज। कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर तोंदा के मजरे मुंशीखेड़ा गांव में संदिग्ध हालात में 20 वर्षीय युवक का शव घर के बरामदे में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने गांव के एक युवक पर हत्या का शक जता पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के मुंशीखेड़ा गांव निवासी छोटू गौतम (20) पुत्र रमेश गौतम सोमवार को घर में अकेला था। परिजन खेत से भूसा उठाने गए थे। दोपहर घर पहुंचने पर परिजनों ने छोटू का शव घर के बरामदे में फंदे से लटकता पाया।
मृतक के पिता ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का शक जता पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों के अनुसार छोटू की गांव की एक महिला से नजदीकी है। शनिवार को छोटू महिला के साथ घर से निकल गया। जिस पर दोनों के परिजनों में तीखी नोकझोंक हुई थी।
अजगैन में महिला के साथ छोटू को पुलिस ने ढूंढ निकाला था और बिना किसी कार्रवाई के घर भेज दिया था। इसी के बाद उसका शव सोमवार दोपहर घर के बरामदे में लटका मिला। सीओ आरके शुक्ल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।