उन्नाव। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा पैसे निकासी पर सख्ती करने के बाद एचसीबीएल में रोजाना पहुंचने वाले ग्राहकों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है।
मंगलवार को भी भारी संख्या में ग्राहक पैसा निकासी के लिए बैंक पहुंचे। भीड़ ज्यादा बढ़ जाने के बाद बैंक प्रशासन ने मुख्य गेट बंद करवा दिया। इसके बाद एक-एक ग्राहक को अंदर भेजा गया। मंगलवार को एक करोड़ दसा लाख रुपये की निकासी हुई। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
आरबीआई ने एचसीबीएल पर निकासी के लिए कुछ प्रतिबंध लगा दिए हैं। मुख्य रूप से ग्राहक छह माह में एक लाख रुपये ही निकाल सकते हैं। इसकी जानकारी जब ग्राहकों को हुई तो उन लोगों ने बैंक पहुंचकर अपना पैसा निकालना शुरू कर दिया। इसी कड़ी में मंगलवार को बैंक के बाहर सुबह से भीड़ रही।
लोगों मेें अपने खाते से पैसे निकालने की होड़ दिखी। भीड़ अधिक होने के कारण बैंक अधिकारियों ने मुख्य गेट बंदकर एक-एक ग्राहक को अंदर जाने दिया। इससे लोगों में आक्रोश रहा। इस दौरान बैंक के बाहर पड़ी कुर्सियां कम पड़ गई और लोग जमीन पर बैठने को मजबूर हुए।
बैंक के कर्मचारी और पुलिसकर्मी खाताधारकों को बैंक में पैसा सुरक्षित होने की जानकारी देते रहे इसके बाद भी लोग पैसा निकालने के लिए धक्कामुक्की करते रहे।
इस दौरान बैंक कर्मचारियों को खाताधारकों के गुस्से का भी शिकार होना पड़ा। मंगलवार को लगभग एक करोड़ दस लाख की निकासी हुई। शनिवार को जहां बैंक से लगभग 31 लाख की निकासी हुई वही सोमवार को लगभग एक करोड़ और मंगलवार को लगभग एक करोड़ दस लाख रुपये की निकासी हुई।
बैंक मैनेजर अरुण सिंह ने बताया कि बैंक में खाताधारकों का पैसा सुरक्षित है। बैंक अपने निर्धारित समय पर ही खुलेगी। आरबीआई द्वारा प्रतिबंध लगाने के कारण कुछ दिक्कतें आ रही हैं।