बीघापुर(उन्नाव)। थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर कर्ण गांव निवासी स्नातक का छात्र शुक्रवार दोपहर घर से लगभग दो किमी दूर इटौली व जमेल गांव के बीच नहर के पास बेहोशी हालत में ग्रामीणों को पड़ा मिला। सूचना पर बड़े भाई ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां जहर की आशंका जता डॉक्टर ने इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। परिजन मौत की वजह से अनजान है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सच सामने आने की बात कही है।
थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर कर्ण गांव निवासी सतीश प्रजापति (20) पुत्र लखनलाल प्रजापति 8 मई शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे घर से निकला था। शाम चार बजे वह बेसुध हालत में घर से दो किमी दूर इटौली व जमेल गांव के बीच नहर के पास पड़ा मिला। ग्रामीणों ने पहचान कर फोन से उसके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे बड़े भाई विनय ने अन्य परिजनों की मदद से सतीश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी शिवपाल यादव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बीएससी की पढ़ाई पूरी कर चुका था। भाई विनय के अलावा अन्य परिजन मौत की वजह स्पष्ट नहीं कर सके। मां विद्यावती का रो-रोकर बुरा हाल है। बीघापुर एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।