गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दरियापुर के मजरा एकडला गांव में शुक्रवार शाम ताश खेलने के दौरान मारपीट हो गई। जिसमें 52 वर्षीय किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी बांगरमऊ से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शनिवार दोपहर इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई। मृृतक के बेटे ने गांव के युवक उसके बेटे समेत चार लोगों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई हैै।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दरियापुर के मजरा एकडला में शुक्रवार शाम गांव के कुछ लोग ताश खेल रहे थे। हार-जीत को लेकर प्रदीप कुमार पुत्र नंदराम का पड़ोसी गयादीन पुत्र छेदीलाल से विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों में मारपीट शुरू हो गई। प्रदीप को पिटता देख उसका चाचा रामकृष्ण (52) बचाने पहुंचा तो गयादीन ने बेटे मोनू, विपिन व पड़ोसी बबलू पुत्र सोनेश्वर व रमेश पुत्र रामचरन की मदद से उसकी भी पिटाई शुरू कर दी। भतीजा तो जान बचाकर भाग निकला पर चाचा रामकृष्ण लहूलुहान हो वहीं गिर गया। आरोपी घटना को अंजाम देकर भाग निकले। सूचना पर परिजन रामकृष्ण को घर लेकर चले गए। शनिवार सुबह हालत अधिक बिगड़ने पर उसे सीएचसी बांगरमऊ में भर्ती कराया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रामकृष्ण की मौत हो गई।
मृतक के बेटे राहुल की तहरीर पर पुलिस ने गयादीन उसके बेटे मोनू, विपिन, पड़ोसी बबलू पुत्र सोनेश्वर व रमेश पुत्र रामचरन के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। एएसपी धवल जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर मृतक के परिजनों को शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। पत्नी रानी का रो-रोकर बुरा हाल है।