सोहरामऊ थानाक्षेत्र में शुक्रवार सुबह गांव के बाहर रेलवे ट्रैक पर युवक और किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। काफी देर तक मामला सोहरामऊ थाना और जीआरपी के सीमा विवाद में लटका रहा। बाद में जीआरपी घटनास्थल पर पहुंची।
ग्रामीणों में इसे लेकर अन्य चर्चा रही, लेकिन परिजनों ने उसे नकार दिया। परिजनों के अनुसार किशोरी शौच जाने की बात कहकर निकली थी और ट्रेन की चपेट में आ गई। वहीं युवक के परिजन बता रहे हैं कि वह लखनऊ से सब्जी बेंचकर लौट रहा था। चलती ट्रेन से उतरते समय हादसे में मौत हो गई।
सोहरामऊ थानाक्षेत्र के गांव जैतीपुर के पास शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे इसी गांव की रहने वाली छात्रा रोशनी (17) पुत्री अमृतलाल का शव मिलने से सनसनी फैल गई। लखनऊ से कानपुर जा रही मालगाड़ी के चालक ने रेलवे कंट्रोल रूम को ट्रैक पर शव पड़ा होने की सूचना दी। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने शव देखा तो गांव के अन्य लोगों व परिजनों को सूचना दी। लोगों का मजमा लगा था तभी करीब 6:30 बजे छात्रा के शव से 400 मीटर दूर जैतीपुर गांव के ही युवक श्यामलाल कश्यप (25) पुत्र ओमप्रकाश का शव मिला तो गांव में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई।
घटना की जानकारी होने पर सोहरामऊ थाना और जीआरपी मौके पर पहुंची। घटनास्थल जीआरपी के क्षेत्र में होने की पुष्टि होने पर जीआरपी एसओ सीपी सिंह ने परिजनों से पूछताछ की। मृतका रोशनी के परिजनों ने बताया कि वह घर से शौच के लिए निकली थी। रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि रोशनी चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी।
वहीं श्यामलाल के पिता ओमप्रकाश ने जीआरपी एसओ को बताया कि श्यामलाल गांव की बाजारों से सब्जी खरीदकर लखनऊ में बेंचने जाता था। गुरुवार रात वह सब्जी लेकर लखनऊ गया था। शुक्रवार सुबह फरक्का पैसेंजर ट्रेन से घर लौट रहा था। उनके मुताबिक साथ लौट रहे गांव के अन्य लोगों ने बताया ट्रेन जैतीपुर ग्रामीण स्थित फाटक पर धीमी हुई तो श्यामलाल ने ट्रेन से उतरने का प्रयास किया। चलती ट्रेन से उतरते समय उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे चला गया। उसके जेब से ट्रेन का टिकट और 2790 रुपये भी मिले हैं। मृतक तीन भाई बहनों में तीसरे नंबर का था।
जीआरपी एसओ सीपी सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग का मामला नहीं हादसा है। दोनों के शव लगभग चार सौ मीटर के अंतर पर मिले हैं। यही नहीं घटना का समय भी अलग-अलग है। उन्होंने बताया कि उनके परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। फिलहाल इत्फाकिया घटना का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। रोशनी के पिता अमरनाथ ने बताया कि वह इंटर की छात्रा थी। बेटी के विवाह की भी बात चल रही थी। लेकिन अभी शादी तय नहीं हो पाई थी।