शहर के छोटा चौराहा पर बिना मास्क लगाए लोगों को चेतावनी देता पुलिस कर्मी।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिले में अब तक चार कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। पुलिस की लगातार अपील के बाद भी लोग सजग नहीं हो रहे हैं। आवश्यक कार्य न होने पर भी सड़क पर निकलने और मास्क न लगाने वालों को जागरूक करने के लिए पुलिस ने गुरुवार को अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुधार न होने पर लॉकडाउन उल्लंघन की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी विक्रांतवीर ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों और मास्क की अनदेखी पर सभी एसओ को ऐसे लोगों से कड़ाई से निपटने के निर्देश दिए। गुरुवार को थाना पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में नियम का पालन कराने के लिए निकली। गश्त कर ऐसे लोगों को रोककर उन्हें खुद का जीवन बचाने और दूसरों का खतरे में न डालने की हिदायत देकर मास्क पहनने के प्रति जागरूक किया। कई स्थानों पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए बेवजह घूम रहे लोगों को फटकार लगा कर घर लौटाया। सफीपुर सीओ एमपी वर्मा ने कस्बे में गश्त कर ऐसे लोगों को रोका जो मास्क नहीं लगाए थे। लोगों को जागरूक करते हुए अपने व परिवार के साथ ही सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
शहर में कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने मास्क न लगाने वालों की क्लास ली। ऐसे लोगों को घर जाने की बात कहकर लौटाया। एसपी ने बताया कि बिना मास्क लगाए सार्वजनिक स्थानों पर जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।