उन्नाव। दिल्ली जा रही वैशाली एक्सप्रेस पर मंगलवार रात 12 बजे मगरवारा स्टेशन के पास शरारतीतत्व ने पथराव कर दिया। एच वन कोच का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दी। उन्नाव आरपीएफ ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।गंगाघाट रेलवे स्टेशन में तैनात आरपीएफ एएसआई गुप्तार सिंह ने बताया कि मंगलवार को शरारती तत्वों ने गोरखपुर से नई दिल्ली जा रही वैशाली एक्सप्रेस में पथराव कर दिया। इससे खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। कोच एच वन में सफर कर रहे यात्री रमेश मिश्रा ने आरपीएफ को बताया कि वह गोरखपुर से नई दिल्ली की यात्रा कर रहे थे। उन्नाव से चलने के कुछ देर बाद रात लगभग 12 बजे किसी ने कोच पर पथराव किया इससे खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। अज्ञात पर पथराव की रिपोर्ट दर्ज कर आरपीएफ ने जांच शुरू की है।
एसपी जीआरपी ने किया थाना का निरीक्षण
उन्नाव। जीआरपी के एसपी रोहित मिश्र ने बुधवार को उन्नाव थाना का निरीक्षण किया। उन्होंने वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों का रखरखाव सही तरीके से करने का निर्देश एसओ जीआरपी अरविंद पांडेय को दिया। इसके बाद वह लखनऊ लौट गए। (संवाद)