सफीपुर (उन्नाव)। आसीवन क्षेत्र के गांव कादिरपुर पहुंचे बिजली निगम कर्मियों ने बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काटे और उपकेंद्र वापस आ गए। इसके बाद प्रधान प्रतिनिधि उपकेंद्र पहुंच गए। जहां बिजली कर्मी व प्रधान के प्रतिनिधि के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई। सूचना पर ग्रामीण पहुंचे और हंगामा किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
औरास उपकेंद्र फीडर पर तैनात टीजी-टू अनिल पाल अपनी टीम के साथ क्षेत्र के गांव कादिरपुर पहुंचे और बड़े बकाएदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने शुरू कर दिए। इसके बाद टीम वापस मियागंज उपकेंद्र लौट गई। तभी प्रधान के प्रतिनिधि सुरेश कनौजिया ने फोन पर कनेक्शन काटने को लेकर सवाल किया। इस पर अनिल पाल ने सुरेश कनौजिया को बिजली उपकेंद्र बुलाया। जहां दोनों में बहस के दौरान ही मारपीट शुरू हो गई। सुरेश का आरोप है कि अनिल पाल ने डंडे से उनके सिर पर हमला किया। जब जानकारी हुई तो ग्रामीणों भी पहुंच गए और हंगामा करने लगे। कर्मियों ने अनिल पाल को एक कमरे में कर लिया।
एसडीओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मियागंज में विभागीय टीम ने जांच करने गई थी। आगे की जानकारी की जा रही है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।