फोटो नंबर-4-निर्माणाधीन बैडमिंटन हॉल। संवाद
उन्नाव। राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 28 अगस्त को होनी है, लेकिन बैडमिंटन हॉल का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका है। अगर भवन हैंडओवर नहीं हुआ तो राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी जनपद के हाथ से फिसल सकती है।
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए इस बार उन्नाव को चुना गया है। अगस्त के आखिरी सप्ताह में प्रतियोगिता प्रस्तावित है। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मयंक कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के 350 से अधिक खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसलिए एसोसिएशन काफी तेजी से तैयारियों में जुटा हुआ है। 25 साल बाद जिले को राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। खिलाड़ियों के लिए अच्छा अवसर है, लेकिन अगर काम पूरा न हो पाया तो राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी उन्नाव के हाथ से निकल जाएगी। अभी रंग-रोगन, लाइट आदि लगाने का काम ही किया जा रहा है। जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल ने बताया कि बैडमिंटन हॉल का निर्माण अंतिम चरण में है। 14 अगस्त तक भवन हैंडओवर करने की बात कार्यदायी संस्था के अधिकारी ने कही है।