उन्नाव। विकासभवन सभागार में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के पदाधिकारियों के साथ डीएम ने बैठक की। यहां नवगठित खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के गठन पर चर्चा हुई और खेलों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई।
डीएम रवींद्र कुमार ने बताया कि नई नियमावली के अनुसार जिले में नवगठित खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति का गठन किया जाए। प्रोत्साहन समिति का प्रमुख उद्देश्य खेल संस्कृति का समस्त वर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों में बढ़ावा देना है। इससे बहुमुखी क्षमता का विकास होगा। प्रदेश सरकार ने ‘पे एंड प्ले तथा कम एंड प्ले’ योजना के अंतर्गत जिला स्तर पर विभिन्न माध्यमों से आय के स्रोत बढ़ाकर खेलों को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। प्रत्येक जिम, तरणताल संचालक को पंजीकरण के लिए 15 हजार रुपये, 60 साल से कम आयु वाले व्यक्तियों से 30,000 रुपये वहीं, 60 साल से अधिक आयु वालों को 25,000 रुपये वार्षिक फीस व माननीय, गणमान्य व्यक्ति भी फीस जमा कर स्टेडियम के लाइफ टाइम सदस्य बन सकते हैं। खिलाड़ियों से पूरे साल में पंजीकरण शुल्क के अतिरिक्त 100 रुपये प्रोत्साहन समिति शुल्क में जमा करने होंगे।
इसके अलावा अलग-अलग खेलों का अलग शुल्क निर्धारित किया गया है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता सेंगर, जिला क्रीड़ाधिकारी अनीता कनौजिया, नगर पालिका अध्यक्ष ऊषा कटियार, एसपी रोहन पी कनय, सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।