कलक्ट्रेट के एनआईसी में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप एस पु?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। स्वच्छता को लेकर माह जनवरी में किए गए स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में जनपद की नगर पालिका गंगाघाट को क्लीनेस्ट सिटी का खिताब दिया गया है। वर्चुअल बैठक (ऑनलाइन) में केंद्रीय राज्यमंत्री ने स्वच्छता विषयक पहला पुरस्कार गंगाघाट को देने की घोषणा की। इस दौरान एनआईसी कक्ष में डीएम, सीडीओ, ईओ व नगर पालिका अध्यक्ष समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसी वर्ष जनवरी में राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण किया गया था। इसमें देश भर की 4242 नगरीय निकायों ने प्रतिभाग किया था। जिसमें प्रदेश की 652 निकाय शामिल थीं। गुरुवार को वर्चुअल बैठक में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप एस पुरी ने सर्वेक्षण का रिजल्ट घोषित किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उत्तरी जोन के पचास हजार से एक लाख की आबादी के मध्य के शहरी निकायों में नगर पालिका परिषद गंगाघाट को क्लीनेस्ट सिटी के स्वच्छता विषयक में पहला पुरस्कार देने की घोषणा की। मंत्री ने एनआईसी कक्ष में वर्चुअल बैठक में मौजूद डीएम रवींद्र कुमार, सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, ईओ सुनील कुमार मिश्रा व नगर पालिका अध्यक्ष रंजना गुप्ता के प्रयासों को सराहा।
बताया गया कि गंगाघाट नगर पालिका ने अपने सीमित संसाधनों के माध्यम से सफ ाई व्यवस्था, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, नमामि गंगे योजनांतर्गत बालूघाट/आनंद घाट पर भव्य पार्क व घाट, विभिन्न वार्डों में एसएलआरएम सेंटर, कटरी पीपरखेड़ा में केंद्रीय कूड़ा संग्रहण केंद्र, स्वच्छता के संदर्भ में आकर्षक होर्डिंग एवं पेटिंग, 1632 व्यक्तिगत शौचालय, 9 सामुदायिक शौचालय, मुख्य मार्ग पर 2 सार्वजनिक व पिंक शौचालयों का निर्माण, मार्ग प्रकाश व्यवस्था कराकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 का पुरस्कार प्राप्त किया है। इस दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश गुप्ता गोल्डी व स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी अनूप कुमार शुक्ला भी मौजूद रहे।