असोहा। ब्लाक क्षेत्र के मंगतखेड़ा में 20 साल बाद अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि पर दंगल कराया गया। इसमें आसपास के गांव के 20 से अधिक पहलवानों ने प्रतिभाग किया। विनोद ने विवेक दुबे को हराकर कुश्ती जीती। विमल रावत ने लंबी कूद में जीत दर्ज की।
मंगतखेड़ा में दंगल के नाम सुरक्षित भूमि पर गांव के कुछ लोग 20 साल से कब्जा किए थे। इससे नाग पंचमी पर होने वाला दंगल बंद हो गया था। प्रधान मनोज दुबे की शिकायत पर प्रशासन ने कब्जा हटवा दिया। इससे शुक्रवार को नाग पंचमी पर दंगल का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में मंगतखेड़ा के विनोद रावत ने गांव के विवेक दुबे को आखिरी समय में टंगड़ी दांव से चित कर कुश्ती जीती। प्रधान ने विजेताओं को 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि व शील्ड देकर सम्मानित किया। इस दौरान पप्पू, अमर, मुन्ना, चून सिंह, मुन्नू, बउवा आदि ग्रामीण मौजूद रहे।