गंजमुरादाबाद। जौकनगर में आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में गंजजलालाबाद की टीम ने गंजमुुरादाबाद को 14 रन से हराकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया।
टूर्नामेंट के अंतिम दिन मंगलवार को दो मैच खेले गए। पहला सेमीफाइनल मैच अंसारिया बी गंजमुरादाबाद और हाईटेक कानपुर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हाईटेक कानपुर की टीम ने छह ओवर में चार विकेट खोकर 100 रन बनाए। अंसारिया बी गंजमुरादाबाद की टीम ने बिना विकेट गंवाए 5.5 ओवर में ही यह लक्ष्य हासिल करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। इसमें उसका मुकाबला गंजजलालाबाद टीम से हुआ। टॉस अंसारिया बी गंजमुरादाबाद ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गंजजलालाबाद की टीम ने आठ ओवर में तीन विकेट खोकर 100 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अंसारिया बी गंजमुरादाबाद की टीम आठ ओवर में चार विकेट खोकर मात्र 86 रन ही बना पाई। गंजजलालाबाद की टीम ने 14 रनों से अंसारिया बी गंजमुरादाबाद को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। गंजजलालाबाद की टीम से आसिफ खान ने सबसे अधिक 46 रन बनाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। टूर्नामेंट के आयोजक लालू अख्तर और जियाउर्रहमान ने विजेता टीम गंजजलालाबाद को 20 हजार रुपये का नगद पुरस्कार और ट्रॉफी दी। उपविजेता टीम को सात हजार रुपये का पुरस्कार दिया।