गंजमुरादाबाद। जौकनगर मैदान में चल रहे गंजमुरादाबाद क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को दूसरे दिन तीन मैच खेले गए। पहले मैच में बांगरमऊ ने बिलग्राम क्रिकेट टीम को तीन रनों से हराया।
पहले मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांगरमऊ की टीम ने 83 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलग्राम की टीम 80 रन पर सिमट गई। दूसरा मैच माढ़ापुर और बजरिया गंजमुरादाबाद की टीमों के बीच हुआ। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए माढ़ापुर की टीम ने 75 रन बनाए। बजरिया गंजमुरादाबाद की टीम चार विकेट खोकर 54 रन ही बना सकी। माढ़ापुर की टीम ने 21 रनों से मैच जीत लिया।
तीसरा मैच अंसारिया क्रिकेट क्लब और बांगरमऊ एसीसी के बीच खेला गया। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए बांगरमऊ एसीसी की टीम ने छह ओवर में 57 रन बनाए। अंसारिया क्रिकेट क्लब ने तीन विकेट खोकर 5.2 ओवर में मैच जीत लिया। कमेंट्री तौशीफ आलम और कदीर ने की। अंपायरिंग की जिम्मेदारी बिलाल व जैद ने संभाली।