उन्नाव। जिले की क्रिकेटर प्रतिभा भारती को बीसीसीआई (भारतीय किक्रेट कंट्रोल बोर्ड) के सचिव जय शाह सम्मानित करेंगे। बुधवार को लखनऊ के अटल बिहारी टिकाना स्टेडियम में उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ की ओर से सम्मान समारोह का आयोजित किया जा रहा है।
शहर की आवास विकास कालोनी निवासी प्रतिभा भारती स्पिन बॉलर हैं। अपनी करिश्माई बॉलिंग के बल पर अंतरराज्यीय खेल प्रतियोगिता में लगातार दो साल खेल चुकीं हैं। वर्ष 2017-18 और 2018-19 में उत्तर प्रदेश की जूनियर (अंडर 19) टीम में स्थान बना चुकी हैं।
वह कार्नाटक, झारखंड, राजकोट उत्तराखंड, दिल्ली में अलग-अलग राज्यों की टीमों के बीच हुए मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन कर चुकी हैं। प्रतिभा भारत की महिला क्रिकेट टीम में शामिल होकर देश का नाम रोशन करना चाहती है। उन्नाव जिला क्रिकेट एसोसिएशन के महामंत्री पीके मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश किक्रेट संघ द्वारा प्रतिभावान खिलाड़ियों का अलंकरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। डीसीए महिला संयोजक मंजूलता अवस्थी ने कहा कि प्रतिभा की खेल प्रतिभा बालिकाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। अरविंद श्रीवास्तव, संजय राठी, एआर खान, राजकुमार यज्ञसैनी, राजेंद्रनाथ, आरके त्रिपाठी, राजेश चौधरी ने प्रतिभा की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है।