लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे को निर्माण की तय समय सीमा से पहले ही पूरा होने का दावा सियासी साबित हुआ। उद्घाटन के पांच महीने बाद भी एक्सप्रेस-वे पर वाहन रफ्तार नहीं पकड़ पाए हैं। कहीं पुलिया का निर्माण अधूरा है तो कहीं नदी पुल की स्लैब नहीं पड़ी है। सेफ्टी ग्रिल, डिवाइडर और लाइटिंग का काम भी चल रहा है। कई जगह रूट डायवर्जन है और भारी वाहनों के निकलने पर भी रोक है। खामियों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
लखनऊ से लेकर आगरा तक 302 किमी लंबे एक्सप्रेस-वे का निर्माण पूरा हो जाने के बाद 21 नवंबर को तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उद्घाटन किया था। हालांकि उद्घाटन के एक महीने बाद 23 दिसंबर से इसे खोलने और वाहनों का आवागमन शुरू होने के दावे किए गए थे, लेकिन उद्घाटन के पांच महीने बाद भी आगरा और लखनऊ आने जाने के लिए भारी वाहनों पर प्रतिबंध है। निर्माण एजेंसी के मैनेजर वेंकट सुब्बइया ने बताया कि हाईवे पर धीरे-धीरे बड़े वाहनों व भारी वाहनों को चलाया जाएगा। अगले महीने तक भारी वाहनों को भी इंट्री दे दी जाएगी।
वहीं लखनऊ से औरास के बीच दो स्थानों पर रूट को डायवर्ट किया गया है। आने व जाने वाले वाहनों को एक ही लेन से निकाला जा रहा है। औरास के मैनीभावा खेड़ा गांव के पास सड़क का निर्माण के कारण 500 मीटर का रूट डायवर्जन है। औरास कस्बा के पास सई नदी पर एक लेन के पुल की स्लैब अभी भी नहीं पड़ पाई है। जगह-जगह अवैध कट हैं, जिससे वाहन आते जाते समय हादसे हो रहे हैं।
सेफ्टी ग्रिल व डिवाइडर ग्रिल न होने से जानवर भी आ जाते हैं। इस छह लेन एक्सप्रेस के उन्नाव जिले में लंबाई करीब 63 किमी है। गंजमुरादाबाद, बांगरमऊ और सफीपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर सेफ्टी ग्रिल, सर्विस रोड, डिवाइडर, रोड लाइट, रोड साइन का काम चल रहा है। यूपीडा के एक्सईएन नवीन कुमार ने बताया कि जो भी काम बचा है, जल्द पूरा कराया जाएगा।
एक्सप्रेस-वे पर हादसों पर एक नजर
21 अप्रैल- मथुरा से लौट रहे बाराबंकी निवासी प्रदीप की कार दुर्घटना में मौत।
17 अप्रैल- कार की टक्कर से ठेकेदार राजेश कुमार सिंह की मौत।
14 अप्रैल-औरास के जाहिदपुर निवासी छात्रा सुमन की बोलेरो से कुचल कर मौत।
13 अप्रैल- वाहन की टक्कर से बाइक सवार शालू मेहता की मौत, साथी सुष्मित हकीम घायल।
15 अप्रैल-औरास में जाहिदपुर गांव के सामने दिल्ली के द्वारका निवासी अधिवक्ता एनएच खनिकर उनकी पत्नी गीतांजलि और चालक जेनुअल की मौत।
22 फरवरी- औरास कस्बा के पास मवेशी से टकराकर बाइक सवार फर्रुखाबाद निवासी युवक संजय की मौत।
06 फरवरी- दिपवल गांव के सामने हुए सड़क हादसे में हरदोई निवासी बाइक सवार पुष्पेंद्र की मौत।