रविवार देर शाम तेज आंधी व बारिश के बीच ओले गिरने से मौसम खुशनुमा हो गया। कई दिनों से भीषण तपिश झेल रहे लोगों को आंधी व बारिश ने राहत मिली। पारा नीचे लुढ़का और हवाओं में ठंडक होने से लोगों ने घरों से निकल कर मौसम का लुत्फ उठाया।
एक पखवाड़ा से पड़ रही भीषण गर्मी से जिले के लोगों की हालत खराब चल रही थी। इसके अलावा बिजली की कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया था। लगातार बढ़ रहा अधिकतम तापमान शनिवार को 42 डिग्र्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन रविवार देर शाम बारिश के साथ आंधी ने मौसम को खुशगवार कर दिया। बारिश के साथ चली हवा से मौसम में काफी परिवर्तन आया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं रविवार को बारिश व तेज हवा चलने के बाद अधिकतम तापमान दो डिग्री घटकर 40 व न्यूनतम तीन डिग्री घटकर 24 डिग्री पर पहुंच गया।
किसानों की बढ़ी मुसीबत
उन्नाव। बारिश ने जहां आम लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं गेहूं किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिन किसानों का गेहूं अभी खेतों में खड़ा है या कटाई होने के बाद इसके बोझ खेतों में पड़े हैं। उनके लिए समस्या बढ़ गई है। इससे अब गेहूं की कटाई कुछ दिनों के लिए लेट हो सकती है।
आम की फसल को होगा फायदा
उन्नाव। बारिश से आम की फसल को फायदा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस समय पेड़ों में अमिया लदी हुई हैं। बताया जा रहा है कि बारिश की बूंदे पड़ने से अब अमिया में जाला पड़ सकेगा। जिससे आम जल्दी पकेगा। हालांकि तेज अंधड़ से काफी मात्रा में अमिया टूटकर जमीन पर भी गिरी हैं जिससे नुकसान हुआ है।
जगह-जगर टूटे तार, बिजली गुल
उन्नाव। तेज आंधी से दर्जनों स्थानों पर पेड़ टूटकर विद्युत लाइनों पर गिरने से तार और पोल टूट गए। बिजली गुल हो गई। कुंदनरोड सबस्टेशन के पीछे पेड़ की डाल एचटी लाइन पर गिरने से शहर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके अलावा सिटी पावर हाउस में भी फाल्ट आने से वह बंद हो गए। बिजली न आने से लोग परेशान रहे। बारिश बंद होने के बाद कर्मचारियों ने इसकी मरम्मत शुरू की। काफी देर तक तार जोड़ने की कवायद चलती रही। एसडीओ गौरव तिवारी ने बताया कि फाल्टों की मरम्मत का काम चल रहा है।
ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ी
उन्नाव। नवाबगंज विकासखंड के तहत आने वाले अजगैन, मलाव, केवना, बरुआ, बख्तूखेड़ा सहित दर्जन भर गांवों में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। इससे क्षेत्र के किसानों की सारी मेहनत पर पानी फिरा। किसानों में राजू, मटरू, बुद्धी, राजेश सिंह, देशराज सिंह ने बताया कि लगातार तीन साल से ऐसा ही होता आ रहा है। वहीं एसडीएम हसनगंज मनीष बंसल की मानें तो ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों का सर्वे कराया जाएगा। मौरावां क्षेत्र के दर्जनों गांवों में तेज आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी ने किसानों की धड़कन बढ़ा दीं।