परियर/सफीपुर (उन्नाव)। कांवड़ यात्रा को लेकर एसपी परियर घाट पहुंचे और यहां से होकर जाने वाले रास्ते में कांवड़ियों के लिए ठहरने व जलपान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य रोड से घाट को जाने वाले रास्ते में हुए गड्ढों को लेकर डीएम से भी बात की।
एसपी दीपक भूकर ने एसडीएम सफीपुर शिवेंद्र वर्मा व सीओ मधुपनाथ मिश्रा के साथ शनिवार दोपहर परियर घाट का निरीक्षण किया। परियर बिठूर रोड से गंगा तट को जाने वाले रास्ते में कीचड़ व गड्ढे देख डीएम से बात की तो उन्होंने सड़क निर्माण का प्रस्ताव पहले से ही पास होने की जानकारी दी। इसके बाद एसपी ने रास्ते में परियर करोवन मोड़ की सुरक्षा चौकी व उसके पास कांवड़ यात्रियों के लिए बनाए गए जलपान स्थल का निरीक्षण किया। इसमें रखी जलपान की वस्तुओं व बैठने की व्यवस्था आदि की जानकारी ली। इस दौरान सफीपुर कोतवाली प्रभारी एसएन त्रिपाठी, माखी थानाध्यक्ष संदीप मिश्रा, परियर चौकी प्रभारी अनिल राजपूत सहित अन्य पुलिस बल मौजूद रहा।
उधर, दोपहर 2:30 बजे एसपी मियागंज चौराहा पर पहुंचे। यहां चौराहे पर बनाए गए स्वागत स्थल का निरीक्षण किया। जलपान व्यवस्था के संबंध में एसओ अजय कुमार सिंह से जानकारी ली। इसके बाद चौराहे के आसपास पैदल गश्त भी की। चौकी प्रभारी हैदराबाद राम औतार, रसूलाबाद के जय प्रकाश यादव, कुरसठ के राजीव कुमार, उपनिरीक्षक रामजीत तिवारी, एसआई एचएन शर्मा व मानिक राम वर्मा आदि मौजूद रहे।