बांगरमऊ। महिला की गला घोटकर की गई हत्या के मामले में बांगरमऊ पुलिस ने एक महीने बाद अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से नाराज एसपी ने बांगरमऊ कोतवाल से स्पष्टीकरण तलब किया है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर गांव निवासी अशोक कटियार की पत्नी पूजा का शव उसके ही घर में फांसी पर लटका मिल था। कानपुर देहात के बिल्हौर थानाक्षेत्र के धिमऊ गांव निवासी मृतका के पिता बालकराम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था।
घटना के बाद से मृतका का पति फरार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद मृतका के पिता ने कई बार गुहार लगाई मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज करने में देरी से नाराज एसपी महेंद्र पाल सिंह ने बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा है।