सोनिक। औद्योगिक क्षेत्र साइड दो स्थित एचपी बॉटलिंग प्लांट के बगल में संचालित ढाबे में अवैध तरीके से शराब बिक्री की सूचना पर एसओजी ने छापा मारा। वहां से 15 पौवा शराब बरामद की। संचालक को गिरफ्तार कर दही थाना पुलिस के सुपुर्द किया।
हरदोई जिले सदर कोतवाली के सुभाषनगर मोहल्ला निवासी अनिल बाजपेई दही थानाक्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र साइड दो स्थित एचपी बॉटलिंग प्लांट के पास किराये के भवन में ढाबा चलाते हैं। ढाबे की आड़ में वह अवैध रूप से शराब की बिक्री भी कर रहे थे। इसकी भनक एसओजी को लगने पर शनिवार को तीन गाड़ियों से टीम पहुंची और जांच की। मौके से देसी शराब के 15 पौवा मिलने पर आबकारी निरीक्षक प्रथम अश्वनी कुमार पांडेय को बुलवाकर जांच कराई। चर्चा है कि थाने के पास ढाबा होने से सिपाहियों का आना-जाना रहता है। इसलिए पुलिस ने जानकारी होने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। दही थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।