चकलवंशी। रुपऊ-सुदेशाबहादुर के बीच पुलिया के पास छुट्टा मवेशी से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे के बाद सड़क पर गिरे युवक के ऊपर से कई मवेशी गुजर गए, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। साथी को कानपुर रेफर किया गया है।
माखी थानाक्षेत्र के सुदेशा बहादुरपुर निवासी लवकुश (24) मजदूरी करता था। शनिवार शाम छह बजे रुपऊ में मजदूरी कर गांव के साथी शिवप्रसाद (26) के साथ बाइक से घर जा रहा था। रुपऊ-सुदेशाबहादुर मार्ग पर पड़ने वाली पुलिया के पास छुट्टा मवेशी से बाइक टकरा गई। घटना में दोनों सड़क पर गिर गए, तभी लवकुश के ऊपर से कई मवेशी निकल गए। इससे वह गंभीर हो गया।
राहगीरों ने निजी वाहन से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने लवकुश को मृत घोषित कर दिया। शिवप्रसाद को कानपुर हैलट रेफर किया गया। मृतक के पिता की दो साल पहले मौत हो चुकी है। बेटे की मौत से मां मीना, भाईयों में तेजी, नितिन, सागर बेहाल हैं। कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र ने बताया कि जानकारी हुई कि मवेशी से बाइक टकराई थी। घायल युवक के ऊपर से कई मवेशी निकल जाने से हालत गंभीर हो गई। अस्पताल में युवक को मृत घोषित कर दिया गया। शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।