नवाबगंज सीएचसी में नही हो रहा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन।
- फोटो : UNNAO
नवाबगंज(उन्नाव)। सीएचसी में ओपीडी संचालित होने की सूचना पर दिखाने वालों की भीड़ उमड़ी। पर्चा काउंटर पर भी लाइन लग गई। एक साथ पहुंचे मरीज व तीमारदारों की भीड़ से सोशल डिस्टेसिंग भी तार-तार हो गई। अधिक भीड़ को देख आनन-फानन मरीजों को देखना बंद कर दिया गया।
कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन चल रहा है। सोशल डिस्टेंसिंग कायम रखने के लिए ओपीडी बंद चल रही है। उसके बाद भी शनिवार को सीएचसी में ओपीडी चलाई गई। जिसमें सौ से अधिक मरीज पहुंचे। इसमें सबसे अधिक जच्चा-बच्चा को दिखाने वाले लोग शामिल थे। पर्चा काउंटर पर भीड़ बढ़ती देख आनन-फानन उसे बंद कर दिया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि 8 डॉक्टरों के साथ एक महिला रोग विशेषज्ञ डा. रुचि त्रिपाठी ने मरीजाें को देखा है। महिला डॉक्टर के कक्ष में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता दिखा। सीएचसी प्रभारी ने कहा कि ओपीडी नहीं चलाई गई थी। मरीज आए थे तो उन्हें देखा गया, पर्चे भी नहीं बनवाए गए हैं।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार का कहना है कि सुबह ओपीडी संचालन का एक मैसेज वायरल हुआ था। लेकिन लिखित में कुछ नहीं था। यदि ऐसा है तो जांच कराकर कार्रवाई होगी।