-शहर के मोहल्ला राजेपुर स्थित मलिन बस्तियों में ऐसी सड़कोें से निकलने को मजबूर हैं लोग
- फोटो : अमर उजाला
शहर की चार मुख्य मलिन बस्तियों में विकास कार्य कराए जाएंगे। इन बस्तियों में रहने वालों को नाली व रोड की समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। नगर पालिका उन्नाव ने इस ओर प्रयास शुरू कर दिए हैं। नगर पालिका के वार्ड संख्या पांच व आठ की चार मलिन बस्तियों में मलिन बस्ती सुधार योजना के अंतर्गत 30 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या पांच व आठ में मुख्य रूप से चार मलिन बस्तियां बदहाल हैं। यहां नाली व रोड जैसी सुविधाएं नहीं हैं। इसके चलते नगर पालिका उन्नाव ने राज्य वित्त आयोग से मिली धनराशि से मलिन बस्ती सुधार योजना के अंतर्गत 30.09 लाख से विकास कराने का फै सला लिया है। वार्ड संख्या-पांच के मोहल्ला वाजिदपुर में 8.71 लाख, वार्ड संख्या-पांच के मोहल्ला राजेपुर में 1.27 लाख, वार्ड संख्या-पांच के मोहल्ला राजेपुर मनोहर नगर में 5.22 लाख व वार्ड संख्या-आठ के मोहल्ला इब्राहिमाबाद में 14.88 लाख रुपये से नाली, खड़ंजा सहित पुलिया आदि का निर्माण कराया जाएगा।
20 हजार से अधिक लोगों को मिलेगी राहत
चार मलिन बस्तियों में विकास से यहां रहने वाले करीब 20 हजार से अधिक लोगों को फायदा मिलेगा। इससे इनमें खुशी है।
जल्द शुरू होगा काम
मलिन बस्ती सुधार योजना के तहत राज्य वित्त आयोग से मिले 30.09 लाख रुपये से चार बस्तियों में विकास कार्य होने हैं। बस्तियां चिन्हित कर ली गई हैं। जल्द ही ठेकेदारों को जिम्मेदारी दे दी जाएगी। एक माह के भीतर काम शुरू हो जाएगा।
उमेश कुमार मिश्र, ईओ, नगर पालिका