राजस्थान के कोटा से वापस लौटे छात्रों की थर्मल स्केनिंग करती मेडिकल टीम।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। राजस्थान के कोटा में रहकर मेडिकल व इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे 6 छात्र शनिवार देर रात रोडवेज बस से उन्नाव पहुंचे। डीएम के निर्देश पर सभी को शहर के एक रिसॉर्ट में क्वारंटीन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की है।
फतेहपुर चौरासी ब्लॉक के हीरापुर गांव निवासी आकाश, बीघापुर कस्बे के मोहल्ला शंकरनगर निवासी आयुष अग्निहोत्री, पाटन निवासी अंकुर बाजपेई, औरास के निश्चल गुप्ता, हसनगंज के आवागोझा गांव निवासी सागर मिश्रा व हरदोई जिले के ब्लॉक सांडी के वसरिया निवासी धनंजय सिंह कोटा में मेडिकल व इंजीनियरिंग कालेज में प्रवेश के लिए तैयारी कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण के बाद लॉकडाउन लागू होने से सभी हॉस्टल में रुके थे। छात्रों ने मुख्यमंत्री को ट्वीट कर मदद मांगी थी। शनिवार को सभी को रोडवेज बसों से यहां लाया गया। छात्रों ने बताया कि वहां सफर शुरू करने से पहले सभी की थर्मल स्क्रीनिंग हुई थी।
कोटा से आगरा पहुंचने पर फिर स्क्रीनिंग कराई गई और नाश्ता भी दिया गया। शनिवार रात करीब एक बजे सभी उन्नाव पहुंचे। छात्रों ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान वह हॉस्टल में ही रह रहे थे। अधिकांश छात्रों के पास रुपये नहीं बचे थे। हॉस्टल प्रशासन ही खर्च उठा रहा था। संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. आरएस मिश्रा ने बताया कि सभी की स्क्रीनिंग कराई गई है। चौदह दिन तक क्वारंटीन रखने के बाद घर भेजा जाएगा। छात्रों ने बताया कि वह स्थिति सामान्य होने के बाद ही वापस जाएंगे। तबतक ऑनलाइन पढ़ाई करेंगे।