उन्नाव। एटीएम से स्कीमर के जरिए कार्ड की क्लोनिंग कर खाते से रुपये निकालने वाले गिरोह की तलाश में एसआईटी बुधवार दोपहर जेल में बंद दो मुख्य आरोपियों को रिमांड पर लेकर केरल के लिए रवाना हो गई। टीम में एक इंस्पेक्टर समेत पांच पुलिस कर्मियों को सात दिन के लिए भेजा गया है। टीम का नेतृत्व एसपी क्राइम लखनऊ कर रहे हैं।
सदर कोतवाली पुलिस ने 4 अक्तूबर को गदनखेड़ा चौराहे से केरल के रजिस्ट्रेशन नंबर की कार पकड़ी। कार में पुलिस ने एटीएम कार्ड की क्लोनिंग करने वाले कई उपकरण बरामद किए। पुलिस ने कार सवार केरल के जिला कसारागोड के कनालाड गांव निवासी अब्दुल रहमान, यहीं के अब्दुल रैफद व मोसिन, मीपुगुडी थाना क्षेत्र के बिलिबाग आरडी नगर निवासी मो. बिलाल व पुडलू गांव निवासी मो. सोहेल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
एटीएम क्लोनिंग गिरोह के सदस्यों के पकड़े जाने का मामला लखनऊ तक पहुंचा तो आईजी एसके भगत ने गिरोह को पकड़ने के लिए एसआईटी (विशेष जांच टीम ) गठित करने के निर्देश एसएसपी लखनऊ कलानिधि नैथानी को दिए। एसएसपी ने एसपी क्राइम लखनऊ दिनेश कुमार पुरी के नेतृत्व में 9 सदस्यीय टीम गठित की। जिसमें लखनऊ और उन्नाव के पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया। बुधवार दोपहर जेल में बंद पांच आरोपियों में पुलिस ने मुख्य आरोपी अब्दुल रैफद समेत दो को रिमांड पर लिया और गिरोह तक पहुंचने के लिए उन्हें साथ लेकर केरल प्रांत के लिए रवाना हो गई। एसपी क्राइम लखनऊ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि उन्नाव से रवाना हुई टीम शीघ्र गिरोह का पर्दाफाश करेगी।