निराला पार्क के पास लगाए गए फीस माफी पोस्टर में हस्ताक्षर करते अभिभावक।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय मंत्री व प्रभारी विमल द्विवेदी की अगुवाई में कोरोना काल में बंद स्कूलों की फीस माफी को लेकर चलाया गया हस्ताक्षर अभियान दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। निराला पार्क के पास लगाए गए पोस्टर में भारी संख्या में लोगों ने पहुंचकर हस्ताक्षर किए और संस्था की मुहिम को सराहा।
प्रांतीय मंत्री ने कहा कि जिले में छोटे दुकानदार या प्राइवेट फैक्ट्रियों में काम करने वाले निम्न मध्यमवर्गीय लोगों की संख्या काफी है। लॉकडाउन में सभी के कामधंधे बंद रहे। अनलॉक लागू है लेकिन अभी भी कामधंधा रफ्तार नहीं पकड़ पा रहे हैं। ऐसे में जब रोजी-रोटी चलाना ही मुश्किल हो रहा हो तब निमभन मध्यमवर्गीय लोगों पर बच्चों की फीस जमा करने का दबाव स्कूली प्रबंधन द्वारा बनाया जा रहा है।
फीस जमा न करने पर स्कूल से निकाल देने की धमकी दी जा रही है। कहा कि जब स्कूल खुले नहीं तो फ ीस किस बात की मांगी जा रही है। कुछ स्कूल तो मनमानी पर उतारू हैं। फीस में कई चार्ज जोड़कर वसूली कर रहे हैं। मांग की कि इस पर सरकार को स्पष्ट रूप से निर्देश देने चाहिए ताकि आमजन को थोड़ी राहत मिल सके।
सरकार को बच्चों के अभिभावकों की पीड़ा को समझते हुए स्कूल बंद रहने तक की फ ीस माफ करनी चाहिए। मंच के जिलाध्यक्ष अजय त्रिवेदी, जिला संयोजक हरीश महराज, नगर अध्यक्ष विकास सिंह सेंगर, नगर महामंत्री धर्मेंद्र शुक्ला भी शामिल रहे।