अचलगंज। कस्बे के हड़हा रोड स्थित बंद दुकान कृष्णा क्लेक्शन में शॉर्ट सर्किट से रविवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे आग लग गई। लोगों ने अंदर से धुआँ निकलते देखा तो दुकान मालिक और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दुकान का शटर नहीं खुलने पर जेसीबी की मदद ली गई, तब कहीं जाकर ढाई घंटे रात दस बजे आग बुझ पाई।
दुकान स्वामी शम्भू गुप्ता रविवार शाम को दुकान बंद करके घर जा चुके थे। क्षेत्र की अधिकांश दुकानें भी बंद हो चुकी थी। रात करीब साढ़े सात बजे के आसपास वहां पर मौजूद लोगों ने दुकान के अंदर से तेज धुआँ उठते देख शम्भू को सूचित किया। देखते ही देखते दुकान के अंदर से आग की तेज लपटें उठने लगी। इस पर आसपास भीड़ इकट्ठा हो गई और निजी संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास करने लगे। बड़ी कोशिशों के बावजूद भी दुकान का शटर नहीं खुला। दमकल ने पहुंचकर आग बुझाना शुरू किया लेकिन कुछ देर में ही पानी खत्म हो गया। दूसरी गाड़ी पहुंची लेकिन दुकान का शटर नहीं खुला तो जेसीबी बुलाई गई। जेसीबी ने शटर तोड़ा, तब दमकल ने आग बुझाई। दुकान स्वामी ने बताया कि अभी नुकसान का आकलन करना संभव नहीं है लेकिन लाखों का सामान जला है।
दमकल का पानी खत्म हुआ तो लोग करने लगे नारेबाजी
पहली दमकल के पहुंचने और आग बुझाने के दौरान ही पानी खत्म हो गया। उधर आग की लपटें और तेज होने लगीं तो एकत्रित लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सूचना और अचलगंज पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराते हुए तुरंत दूसरी दमकल बुलाई।