मौरावां। हिलौली ब्लॉक के संदाना में संचालित कन्या प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र शिक्षण कार्य के साथ अपने मानदेय से बच्चों को पाठ्य सामग्री भेंट करते हैं। शनिवार को कक्षा चार के छात्रों को कॉपी, ज्यामिति बॉक्स और नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए पुस्तकें देकर हौसला बढ़ाया।
कन्या प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र ललित त्रिपाठी ने अपने खर्च से कक्षा चार के 30 छात्रों को ज्यामिति बॉक्स, कॉपी के साथ नवोदय विद्यालय की तैयारी कर रहे बच्चों को पुस्तकें देकर उनका हौसला बढ़ाया। शिक्षण सामग्री पाकर सभी के चेहरे खिल उठे। साथ ही छात्रों को अच्छी शिक्षा ग्रहण करने का संकल्प लिया। शिक्षामित्र ललित ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि विद्यालय में अधिकांश गरीब परिवार के बच्चे पढ़ते हैं। इसमें कुछ ऐसे बच्चे हैं जो पढ़ना तो चाहते हैं लेकिन व्यवस्थाओं के अभाव में नहीं पढ़ पाते।
छात्र पढ़ें और आगे बढ़ें इसी उद्देश्य से मदद करता रहता हूं। इसीलिए अपने मानदेय का कुछ अंश बच्चों में खर्च करते रहते हैं। इस दौरान छात्रों में काजल, लक्ष्मी, शिवानी, सोनाक्षी, प्रिया, आयुषी, सिमरन, देविका, वैष्णवी, शिवांश, शिवम, प्रांशु, राज और सर्वेश कुमार उपस्थित रहे।