उन्नाव। रात से सुबह तक रुक, रुककर 12 घंटे में 8.83 मिमी बारिश हुई। इस बारिश से जहां तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं जलभराव से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुवार रात 10 बजे से शुक्रवार सुबह 10 बजे तक रुक, रुककर बारिश होती रही। इस दौरान सदर में आठ, सफीपुर में 12, बीघापुर में दो, बांगरमऊ में पांच, हसनगंज में 20 व पुरवा तहसील में छह मिमी बारिश रिकार्ड की गई। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे।
गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम पारा 27 डिग्री था, वहीं शुक्रवार को तापमान घटकर क्रमश: 28 व 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बारिश से कई स्थानों पर धान की फसलें गिर गई हैं। किसानों का कहना है कि अगर बारिश लगातार जारी रही तो दाना भीगकर खराब हो सकता है। इससे पैदावार प्रभावित होगी।
बांगमरऊ बाजार में घुटनों तक भरा पानी
बांगरमऊ। शुक्रवार सुबह से ही नगर सहित आस पास के क्षेत्र में रुक रुक बारिश हुई। नगर पालिका की ओर से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न करने से नगर की चूड़ी वाली गली, सीएचसी परिसर, नौनिहालगंज बाजार, स्टेशन रोड, न्यू कटरा सहित अन्य जगहों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में दिक्क्त हुई। नगर की चूड़ी वाली गली बाजार जाने का मुख्य मार्ग है। दोपहर में पानी दुकानों तक पहुंच गया। संवाद
-
प्रमुख मार्ग व गलियां हुईं जलमग्न
उन्नाव। बारिश से प्रमुख मार्ग व गलियों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के गांधीनगर, ईदगाह, इंद्रानगर, डीएसएन कालेज रोड, आदर्श नगर, हिरन नगर, पीडीनगर, कृष्णानगर, शिवनगर, सिविल लाइन, कब्बाखेड़ा, मौहारीबाग, कल्याणी सहित अधिकांश मोहल्ले जलमग्न हो गए। सदर चौकी के सामने, छोटे व बड़े चौराहे सहित सब्जी मंडी में मुख्य मार्ग पर पानी भरा रहा। मुख्य मार्गों में जलभराव होने से कई वाहन बीच में ही बंद हो गए। जिससे छोटे व बड़े चौराहे के अलावा सब्जी मंडी, आंबेडकर पार्क तिराहा, कचहरी पुल व डीएम कार्यालय के सामने जाम के हालात बने रहे। संवाद
कई बार घंटों गुल रही बिजली
बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ की टहनियां गिरे और पानी जाने से इंसुलेटर फुंकने से बिजली की आवाजाही जारी रही। रुक-रुककर बारिश जारी रहने से फाल्टों की मरम्मत में देरी हुई। शहर के मोहल्ला सिविल लाइंस, पीडी नगर, शिवनगर, पीतांबर नगर और गांधी नगर क्षेत्र में दिन में 27 फाल्ट हुए। फाल्टों को खोजने और मरम्मत करने में कर्मचारियों को घंटों का वक्त लगा। ग्रामीण क्षेत्रों में हसनगंज, पुरवा, बीघापुर, सफीपुर और बांगरमऊ में बिजली की आवाजाही जारी रही। एक्सईएन हेमंत कुमार ने बताया कि बारिश की वजह से लाइनों में फाल्ट हुए थे। जिन्हें सूचना मिलते ही ठीक कराया गया।