प्रधान डाकघर में सर्वर ठप रहने से रजिस्ट्री कराने पहुंचे अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों में सफाईकर्मियों की भर्ती के लिए फार्म जमा करने को रोजाना सैकड़ों अभ्यर्थी पहुंच रहे हैं। सर्वर ठप होने से अभ्यर्थियों को घंटों लाइन में लगना पड़ा।
शहर स्थित प्रधान डाकघर में बुधवार को बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों के पदों पर भर्ती के लिए फार्म जमा हो रहे हैं। अंतिम तिथि 16 अगस्त है। इस कारण इस भर्ती में आवेदन को लेकर जमा होने वाले फार्मों की रजिस्ट्री व स्पीडपोस्ट कराने वालों की भारी भीड़ पहुंच रही है। बुधवार को भी यहां पर सैकड़ों अभ्यर्थियों की भीड़ पहुंची। कुछ समय चलने के बाद सर्वर ने काम करना बंद कर दिया। अभ्यर्थियों की भीड़ बढ़ती गई। अभ्यर्थियों की लाइन कार्यालय परिसर से लेकर पोस्टआफिस के बाहर तक पहुंच गई। फार्म जमा करने वाले अभ्यर्थी तेज धूप में भी लाइन में लगे रहे। करीब डेढ़ घंटे तक सर्वर न आने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कर्मचारियों के पहुंचने के बाद सर्वर दुरुस्त किया गया। तब जाकर रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट का काम शुरू हो सका। इसके बाद अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली।