उन्नाव। उप संभागीय परिवहन कार्यालय में सर्वर धड़ाम होने से मंगलवार को पूरा दिन कामकाज ठप रहा। घंटों इंतजार के बाद काम न होने से वाहन स्वामियों का गुस्सा फूट पड़ा। यह एआरटीओ पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। इस दौरान भीड़ व बाबुओं के बीच तीखी झड़पें हुईं। एआरटीओ सिस्टम में तकनीकी खराबी आने की जानकारी देकर भीड़ को शांत कराने में पसीना बहाते रहे।
एआरटीओ में मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन ट्रांसफर, एनओसी दर्ज कराने वालों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो चुकी थी। लोग संबंधित खिड़कियों पर कतार में लग गए। दोपहर 12 बजे तक किसी भी खिड़की पर काम शुरू नहीं हो सका। भीड़ का जमावड़ा बढ़ता चला गया। घंटों इंतजार के बाद भी काम शुरू न होने पर लोग नारेबाजी कर हंगामा करने लगे। खिड़कियों पर मौजूद बाबुओं ने सर्वर की समस्या बताई। घंटों लाइन में जूझ रहे लोगों ने बाबुओं से अभद्र व्यवहार कर देख लेने की धमकी दे डाली। इस दौरान बाबुओं व भीड़ के बीच झड़पें भी हुईं। शोर सुनकर एआरटीओ प्रशासन एके त्रिपाठी सुरक्षा कर्मियों के साथ भीड़ के बीच पहुंचे। इन्होंने लोगों को सर्वर में खराबी से कंप्यूटर सिस्टम धड़ाम होने की जानकारी देकर शांत रहने की अपील की। इसके बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। पूरे दिन सर्वर समस्या से कामकाज ठप रहा। रजिस्ट्रेशन कराने, डीएल बनवाने व अन्य काम कराने आए लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। इस दौरान अफरा तफरी का माहौल रहा।
एआरटीओ प्रशासन एके त्रिपाठी ने बताया कि बीएसएनएल सर्वर में खराबी से पूरे दिन कामकाज प्रभावित रहा। सर्वर की समस्या आए दिन रहती है। कई बार बीएसएनएल अधिकारियों से लिखित में शिकायत दर्ज कराई गई, समस्या का समाधान नहीं किया जा सका।
--------
नहीं हो सके ये काम
- एक सैकड़ा से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन सके।
- 33 वाहन स्वामी बिना रजिस्ट्रेशन के लौटे।
- 14 वाहन स्वामी बिना एनओसी दर्ज कराए लौट गए।